सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय, सूरत द्वारा दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को पाल लेक गार्डन, सूरत परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सतर्कता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया गया तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रीय प्रमुख श्री निशांत रंजन महोदय द्वारा यह संदेश दिया गया कि सतर्कता केवल वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहना भी एक जिम्मेदार नागरिक एवं संस्था का दायित्व है।
सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय, सूरत द्वारा इस पहल के माध्यम से स्वच्छ, हरित एवं सतर्क समाज के निर्माण में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक कार्यशैली एवं सामाजिक दायित्व का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतर्कता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।








